top of page

विवाह समारोह में अनुमति से ज्यादा संख्या होने पर फैला कोरोना संक्रमण, सवा छह लाख का जुर्माना


ree

भीलवाड़ा, 27 जून (हि.स.)। भीलवाड़ा शहर के भदादा मोहल्ले में 13 जून को हुए शादी समारोह में फैले संक्रमण से शनिवार को एक बुजुर्ग की मौत हो गयी। बुर्जुग दूल्हे का दादा है। समारोह में शामिल होने वाले 14 जने पॉजिटिव मिले हैं। 110 जनों को एकांतवास किया गया है। जिला कलेक्टर राजेंद्र भट्ट ने इस मामले को लेकर शनिवार को देर सांय आदेश जारी कर आईसोलेशन वार्ड, फैसीलीटी एकांतवास केन्द्र, आवास, भेाजन, सेंपल जांच, परिवहन, एंबूलेंस के खर्च के 6 लाख 26 हजार 600 रूपये का जुर्माना आयोजक परिवार के मुखिया घीसूलाल राठी पर लगाया है। यह जुर्माने की राशि तीन दिन में वसूल कर तहसीलदार को मुख्यमंत्री सहायता कोष में जमा कराने के भी निर्देश दिये है। जानकारी के अनुसार 75 वर्षीय मृतक मनोहरलाल राठी के पोते की शादी 13 जून को महेश वाटिका में हुई। प्रशासन से ली स्वीकृति में 50 जनों की मौजूदगी में विवाह करने की बात कही गयी पर वहां पर 250 से ज्यादा लोगों ने शिरकत की। शादी के बाद तबीयत खराब होने पर 19 जून को मनोहरलाल राठी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। कोरोना जांच में संक्रमित पाये जाने पर उसे आईसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया। इसके बाद परिवार जनों की कोरोना जांच के दौरान अब तक 14 लोग संक्रमित मिले हैं। उन सभी का उपचार किया जा रहा है। संक्रमितों में दूल्हा व मृतक की पत्नी व पोता भी शामिल है। विवाह समारोह में संक्रमितों के मिलने पर जिला कलेक्टर ने अब होने वाले समारोह में पालना सुनिश्चित करने के लिए विडियोग्राफी प्रशासन की ओर से कराने के निर्देश भी दिये है। विवाह में अनुमति का गलत उपयोग कर मानव जीवन को खतरे में डालने के संबंध में जिला कलेक्टर राजेन्द्र भट्ट के निर्देशों पर भीलवाड़ा के तहसीलदार अजीत सिंह की ओर से दूल्हे के पिता घीसूलाल राठी के खिलाफ सुभाषनगर पुलिस थाने में मामला पंजीबद्व कराया है। मामले की जांच सुभाषनगर एसएचओ नवनीत व्यास कर रहे है।

Comments


  • WhatsApp-icon
  • Wix Facebook page
  • Wix Twitter page
  • Wix Google+ page
Copyright Information
© copyrights reserved to "dainik desh ki dharti"
bottom of page