मास्क नहीं लगाने वाले 66 हजार से अधिक लोगों का चालान
- anwar hassan

- Jun 25, 2020
- 2 min read

जयपुर, 24 जून (हि.स.)। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए लागू लॉकडाउन के नियमों की अवहेलना कर सार्वजनिक स्थलों पर मास्क नहीं लगाने वाले 66 हजार से अधिक लोगों का चालान किया गया है। वहीं राजस्थान एपिडेमिक अध्यादेश के तहत अब तक 1 लाख 36 हजार से अधिक व्यक्तियों का चालान कर 2 करोड 35 लाख रूपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया जा चुका है। पुलिस महानिदेशक अपराध बी एल सोनी ने बताया कि मुख्यत: सार्वजनिक स्थलों पर मास्क नहीं लगाने वाले 66 हजार से अधिक, बिना मास्क पहने लोगों को सामान बेचने वाले 7 हजार से अधिक, निर्धारित सुरक्षित भौतिक दूरी नहीं रखने वाले 63 हजार व्यक्तियों के चालान किये गये है। सार्वजनिक स्थलों पर थूकंने वाले, शराब का सेवन करने वाले व्यक्तियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर गुटखा- तम्बाकू का सेवन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। निषेधाज्ञा तथा एकांतवास के मापदण्डों का उल्लघंन करने पर 3 हजार 450 एफआईआर दर्ज कर अब तक करीब 7 हजार 135 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। निषेधाज्ञा व एमवी एक्ट के तहत चालान कर सवा 5 लाख वाहनों का चालान एवं 1 लाख 45 हजार वाहनों को जब्त किया गया एवं करीब 9 करोड़ रुपये से अधिक जुर्माना वसूल किया जा चुका है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक लोगों को सीआरपीसी के प्रावधानों के तहत शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सोशल मीडिया के दुरुपयोग के मामले में राजस्थान पुलिस की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग के मामलों में अब तक 216 मुकदमे दर्ज कर 298 असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है एवं 222 को गिरफ्तार किया गया है।
===























































































Comments