top of page

सरहद से लेकर घरों तक आमजन ने योग दिवस पर साधा शरीर व मन


ree

जयपुर, 21 जून (हि. स.)। राजस्थान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस रविवार को कोरोना महामारी के साये में मना। कोरोना महामारी के कारण इस साल योग दिवस पर बड़े आयोजन नहीं हुए। उद्यानों व सार्वजनिक स्थानों पर हुए कार्यक्रमों में भी आयुष मंत्रालय की गाइडलाइन तथा शारीरिक दूरी की पालना के बीच योग कर आमजन ने स्वस्थ रहने का संदेश दिया। राजधानी जयपुर में भी लोगों ने रविवार को घरों में ही योग कर स्वस्थ रहने का संदेश दिया। जैसलमेर से लगती भारत-पाक सीमा पर जवानों ने योग कर सेहतमंद रहने का संदेश दिया। अंर्तराष्ट्रीय बॉर्डर तथा सभी सीमा चौकियों पर रविवार को योग और प्रणायाम किया। प्रदेश के लगभग सभी शहरों में कोरोना और लॉकडाउन के चलते लोगों ने अपने घरों में ही योग किया। राजधानी जयपुर में कुछ लोग सैंट्रल पार्क पहुंचे। यहां लोगों ने छोटे-छोटे समूहों में योग किया। राज्यपाल कलराज मिश्र ने विश्व योग दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। राज्यपाल मिश्र ने योग दिवस पर रविवार प्रात: राज भवन के उद्यान में आसन की विभिन्न क्रियाएं की। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने धौलपुर स्थित निजी आवास पर योग किया। इस दौरान राजे ने अनुलोम विलोम, श्वास से जुड़े योगाभ्यास व सूर्य नमस्कार किए। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भादरा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ योग किया। जयपुर के टोंक रोड मोहन वाटिका में आयोजित योग कार्यक्रम में सांसद रामचरण बोहरा, विधायक कालीचरण सराफ, अशोक लाहोटी, भाजपा नेता महेन्द्र यादव ने योग प्राणायाम किया। भाजपा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने श्याम नगर मंडल में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने यहां अनुलोम-विलोम, कपाल भाती व सूर्य नमस्कार किया। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर ने दिल्ली स्थित आवास पर स्टॉफ के साथ सूर्य नमस्कार, अनुलोम विलोम, प्राणायाम व मेडिटेशन का अभ्यास किया। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने प्रदेश कार्यालय पर योग प्राणायाम किया। कोटा में योग शिविर बदले-बदले अंदाज में हुए। लोगों ने शारीरिक दूरी के नियमों के साथ आसन लगाए। नये-पुराने कोटा और नदी पार इलाकों में योग के दर्जनों शिविर हुए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा, उर्जा मंत्री बीडी कल्ला, सांसद राज्यवद्र्धन सिंह राठौड़, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने ट्वीट कर आमजन को योग दिवस की शुभकामनाएं दी।

Comments


  • WhatsApp-icon
  • Wix Facebook page
  • Wix Twitter page
  • Wix Google+ page
Copyright Information
© copyrights reserved to "dainik desh ki dharti"
bottom of page