संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख के पार, रिकवरी रेट बढ़कर 38.29% हुई
- Rajesh Jain
- May 18, 2020
- 2 min read

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 293 हो गई है। सोमवार को 4500 से ज्यादा संक्रमित बढ़ चुके हैं। अब तक 39 हजार 206 मरीज ठीक भी हुए हैं। आज महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या 35 हजार के पार पहुंच गई। राज्य में दूसरे दिन 2 हजार से ज्यादा रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे में 2715 संक्रमित ठीक हुए। मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 38.29% हो गई है। देश में हर एक लाख की आबादी पर पॉजिटिव मरीजों की संख्या 7.1 है।
तेलंगाना में हर व्यक्ति को मास्क लगाना अनिवार्य है। मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा कि आदेश का उल्लंघन करने पर 1 हजार रु. जुर्माना वसूला जाएगा। लोग मास्क की जरूरत को समझें नहीं तो पूरे प्रदेश में टोटल लॉकडाउन करना पड़ेगा।
सोमवार को महाराष्ट्र में 2033, तमिलनाडु में 536, गुजरात में 366, राजस्थान में 305, दिल्ली में 299, मध्यप्रदेश में 259, उत्तरप्रदेश में 141, प. बंगाल में 148, बिहार में 103, जम्मू-कश्मीर में 106, कर्नाटक में 99, आंध्रप्रदेश में 52, ओडिशा में 48 मरीज मिले। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 96 हजार 169 संक्रमित हैं। 56 हजार 316 का इलाज चल रहा है। 36 हजार 823 ठीक हो गए हैं और 3029 की मौत हो चुकी है।
बीएसएफ के 44 जवानों ने कोरोना को मात दी सीआरपीएफ के 3 जवानों की कोरोना रिपोर्ट और पॉजिटिव आई है। अब तक इस पैरा मिलिट्री फोर्स के 294 जवान संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 177 ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 44 और जवानों ने कोरोना को हराया। इस बल में 192 संक्रमित ठीक हो चुके हैं, जबकि 163 का इलाज चल रहा है।























































































Comments