देश में 2.66 लाख केस, अरविंद केजरीवाल का कोरोना टेस्ट हुआ
- Rajesh Jain
- Jun 9, 2020
- 3 min read

देश में कोरोना से अब तक 7473 मौतें, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 3169 की जान गई
मुंबई 50 हजार मरीजों वाला देश का इकलौता शहर बना, सोमवार को 1311 मामले आए
नई दिल्ली.देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2 लाख 66 हजार 900 हो गई है। इस बीच यह बात अच्छी है कि जितने एक्टिव केस हैं, उतने ही मरीज ठीक हो गए हैं। covid19india.org के मुताबिक, मंगलवार सुबह तक 1 लाख 29 हजार 345 मरीज बीमार हैं तो 1 लाख 29 हजार 95 स्वस्थ हो गए। उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सुबह उनके घर पर कोरोना टेस्ट हुआ। बताया जा रहा है कि उनकी रिपोर्ट आने में 48 घंटे का वक्त लगेगा। उनकी तबीयत रविवार दोपहर से खराब है। उन्हें हल्का बुखार और खांसी है।
मुंबई में संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार के पार
मुंबई में संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार के पार पहुंच गया, शहर में 1702 लोगों की जान गई। जबकि राज्य में 88 हजार 528 मरीज मिल चुके हैं, इनमें से 40 हजार से ज्यादा ठीक हो गए। मुंबई में रोजाना जितने लोग पॉजिटिव मिल रहे हैं, उनकी तुलना में स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर बढ़ रही है
उधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सुबह अपने आंकड़े जारी किए। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 9987 मामले सामने आए और 331 मौतें हुईं। इसके साथ, देश में 2 लाख 66 हजार 598 केस हो गए हैं। इनमें 1 लाख 29 हजार 917 एक्टिव केस हैं और 1 लाख 29 हजार 215 लोगों की अस्तपाल से छुट्टी हो गई है। अब तक देश में 7466 मौतें हो चुकी हैं।

कोरोना अपडेट्स
महाराष्ट्र पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पिछले 24 घंटों में डिपार्टमेंट में कोई भी नया केस नहीं मिला है। राज्य में अब तक 2,562 पुलिस और अफसर संक्रमित हो चुके हैं। वहीं, 34 जवानों की मौत हो गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में वर्चुअल (ऑनलाइन) रैली की। उन्होंने कहा कि 2014 से राज्य में परिवर्तन के लिए 100 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ताओं ने जान गंवाई, उनका त्याग ‘सोनार बांग्ला’में काम आएगा।
प्रवासी मजदूरों की घर वापसी मामले पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई हुई। कोर्ट ने सरकारों से कहा- प्रवासी मजदूरों को 15 दिन में उनके घर भेजा जाए। शीर्ष अदालत ने कहा कि उनके खिलाफ लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर दर्ज किए गए सभी केस वापस लें।
5 राज्यों का हाल मध्यप्रदेश: यहां सोमवार को 237 नए मामले सामने आए और 2 लोगों की जान गई। भोपाल में 50, इंदौर में 36, बुरहानपुर में 28, नीमच में 24 और उज्जैन में 12 मरीज मिले। राज्य में अब तक 9638 संक्रमित मिल चुके हैं, इनमें से 2688 एक्टिव केस हैं। कोरोना से कुल 414 मरीजों की मौत हुई है। प्रदेश में शॉपिंग मॉल, होटल और रेस्टोरेंट खुल गए हैं। धार्मिक स्थलों को खोलने पर भी फैसला 15 जून तक होगा।
उत्तरप्रदेश: राज्य में सोमवार को 411 मरीज मिले और 8 मौतें हुईं। फिलहाल कुल संक्रमितों की संख्या 10 हजार 947 है, इनमें से 4320 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 283 लोगों की जान गई है। प्रदेश में कंटेनमेंट जोन को छोड़कर सभी धार्मिक स्थल 75 दिन बाद खोल दिए गए। वाराणसी के मंदिरों में मंगलवार से दर्शन शुरू होंगे। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अलावा अन्य मंदिर अभी नहीं खुलेंगे।
महाराष्ट्र: यहां सोमवार को 2554 नए संक्रमित मिले और 109 लोगों ने जान गंवाई। मुंबई में 50 हजार से ज्यादा पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 88 हजार 529 हो गई। इनमें से 44 हजार 385 एक्टिव केस हैं। अब तक कोरोना से 3169 मरीजों की मौत हुई। महाराष्ट्र में 5 लाख 58 हजार 463 लोगों को घरों में और 28 हजार 504 लोगों को अन्य स्थानों पर क्वारैंटाइन किया गया है।
राजस्थान: प्रदेश में सोमवार को 277 संक्रमित मिले और 6 की जान गई। अलवर में 67, भरतपुर में 60, जोधपुर में 36, जयपुर में 34, कोटा में 12 और सिरोही में 10 मरीज बढ़े। इसके साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 10 हजार 876 पहुंच गया। इनमें से 2520 एक्टिव केस हैं। राजस्थान में इस बीमारी से अब तक 246 लोगों की मौत हो चुकी है।
बिहार: यहां सोमवार को 177 पॉजिटिव मरीज सामने आए और एक की मौत हुई। सीवान में 28, मधुबनी में 19, मुजफ्फरपुर में 13, मुंगेर और रोहतास में 11-11, पटना और पूर्णिया में 9-9 मरीज बढ़े। प्रदेश में कुल 5247 संक्रमित मिल चुके हैं, इनमें से 2647 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 31 लोगों की जान गई।
Comments