top of page

1 लाख 30 हजार 504 केस: लगातार तीसरे दिन 6 हजार से ज्यादा मामले


ree
  • सिक्किम में पहला मरीज मिला; दिल्ली से लौटे छात्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई

  • महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या 47 हजार 190 हुई, मृतकों का आंकड़ा 1577

नई दिल्ली. देश में लगातार तीसरे दिन कोरोनावायरस के 6 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले। आज 6 हजार 114 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें अकेले महाराष्ट्र में ही 2 हजार 608 संक्रमित मिले। इससे एक दिन पहले संक्रमण के 6 हजार 570 केस थे, जबकि 21 मई को 6 हजार 25 पॉजिटिव मिले थे। 

उधर, तमिलनाडु में कोरोना संक्रमितों की संख्या 15 हजार के पार पहुंच गई है। यहां अब तक 15 हजार 512 मरीज मिले हैं। शनिवार को यहां पांच लोगों की मौत हुई।


सिक्किम में संक्रमण का पहला मामला

सिक्किम में कोरोना संक्रमण का पहला मामला सामने आया है। यहां दिल्ली से लौटे 25 साल के छात्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सिक्किम के हेल्थ डायरेक्टर डॉक्टर पीटी भूटिया ने बताया कि छात्र हाल ही में दिल्ली से लौटा था। 21 मई को उसमें कोरोना के लक्षण नजर आए थे। इसके बाद उसका सैम्पल जांच के लिए भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल प्रशासन कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में जुट गया है।


कर्नाटक में 6 राज्यों से आने वाले लोग 14 दिन क्वारैंटाइन में रहेंगे 

इधर, कर्नाटक सरकार ने तय किया है कि महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु और मध्यप्रदेश से आने वाले सभी लोगों को सेवा सिंधु पोर्टल से ई-पास हासिल करना होगा। राज्य में आने के बाद इन्हें 14 दिन क्वारैंटाइन किया जाएगा। इसमें से 7 दिन इंस्टीट्यूशनल तो इतने ही दिन लोगों को होम क्वारैंटाइन में रहना होगा। इन 6 राज्यों के अलावा बाकी जगह से आने वाले यात्रियों को 14 दिन होम क्वारैंटाइन में रहना होगा।

ree

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 31 हजार 101 हो गई है। शनिवार को महाराष्ट्र में 2608, तमिलनाडु में 759, गुजरात में 396, दिल्ली में 591, कर्नाटक में 216, राजस्थान में 163 और बिहार में 179 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा 279 मरीज और बढ़े हैं, लेकिन वे किस राज्य से हैं यह जानकारी नहीं मिल सकी है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 25 हजार 101 संक्रमित हैं। इसमें से 69 हजार 597 का इलाज चल रहा है, 51 हजार 783 ठीक हुए हैं और 3720 की मौत हुई है।


सितंबर से फिर शुरू होगा ‘हुनर हाट’

केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि ‘हुनर हाट’ सितंबर से फिर शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का सदुपयोग करके दस्तकारों और कारीगरों ने बड़ी संख्या में स्वदेशी सामान बनाया है। आने वाले दिनों में चंडीगढ़, दिल्ली, प्रयागराज, भोपाल, जयपुर, हैदराबाद, मुंबई, गुरुग्राम, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, देहरादून, पटना, नागपुर, रायपुर, पुडुचेरी, अमृतसर, जम्मू, शिमला, गोवा, कोच्चि, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, अजमेर, अहमदाबाद, इंदौर, रांची, लखनऊ में ‘हुनर हाट’ लगाए जाएंगे।


अपडेट्स...

  • बीते 24 घंटे में बीएसएफ के 21 जवानों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस अर्धसैनिक बल के अब तक 286 जवान ठीक हो चुके हैं, जबकि 120 का इलाज चल रहा है। 

  • जम्मू-कश्मीर में भी दूसरे राज्यों से बस या रेल से आने वाले यात्रियों को 14 दिन इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन किया जाएगा। उनका आरटी-पीसीआर के जरिए टेस्ट भी किया जाएगा। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो अस्पताल भेज दिया जाएगा। 

  • हिमाचल प्रदेश में स्कूल छात्रों से केवल ट्यूशन फीस ले सकेंगे। उधर, हरियाणा में सुबह 9 से शाम 6 बजे तक दुकानें खुलेंगी; शादी में 50 लोग ही शामिल होंगे। 

  • गगनयान के भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों ने रूस में फिर ट्रेनिंग शुरू कर दी है। यह ट्रेनिंग मास्को के पास यूरी ए गागरिन रिसर्च एंड टेस्ट कॉस्मोनॉट ट्रेनिंग सेंटर में हो रही है। इसे वहां लगे लॉकडाउन की वजह से अप्रैल के पहले हफ्ते में रोक दिया गया था।

  • इंदौर के एमटीएच हॉस्पिटल में शनिवार को कोरोना पॉजिटिव महिला ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। अस्पताल के संचालक डॉ सुमित शुक्ला ने बताया कि बच्चे और मां स्वस्थ हैं।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे और मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रवीण जुगनाथ से फोन पर बात की और कोरोना महामारी में उनकी ओर से किए जा रहे प्रयासों को सराहा।  

5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल

  • मध्यप्रदेश, संक्रमित- 6371: यहां शनिवार को 201 मरीज मिले। इंदौर में सबसे ज्यादा 83 पॉजिटिव मिले। भोपाल में 38, उज्जैन में 27 मामले सामने आए। इंदौर में संक्रमितों की संख्या 2933 हो गई है, जबकि भोपाल में 1191 मरीज हो गए हैं। संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में बेड की संख्या एक लाख तक बढ़ाई जा रही है। सरकार 18 लाख बेडशीट खरीद रही है, जिसे इस्तेमाल कर फेंक दिया जाएगा। 

  • महाराष्ट्र, संक्रमित- 47190: यहां शनिवार को 2608 नए मरीज मिले, जबकि 60 लोगों की मौत हुई। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 1577 पहुंच गया है। वहीं, शनिवार को 821 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। अब तक राज्य में 13 हजार 404 संक्रमित ठीक हुए हैं। 

  • उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 5735:यहांशनिवार को जारी रिपोर्ट में 232 नए कोरोनावायरस संक्रमित सामने आए हैं। जौनपुर में 43 नए मरीज मिले। जिले में संक्रमितों की संख्या 91 हो गई है। राज्य में कुल संक्रमितों में 1361 प्रवासी मजदूर हैं। अब तक 3324 मरीज ठीक हो चुके हैं।

  • राजस्थान, संक्रमित- 6742:यहां शनिवार को संक्रमण के 248 मामले आए। इनमें जोधपुर में 26, जयपुर में 22, पाली में 19, नागौर में 40 मरीज मिले। यहां शनिवार को 7 लोगों की मौत हुई और 15 मरीज ठीक हुए

  • दिल्ली, संक्रमित- 12910: यहां शनिवार को 591 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 370 ठीक हुए और 23 की मौत हो गई। अब तक यहां 6267 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 6412 का इलाज चल रहा है। 

  • बिहार, संक्रमित- 2394: यहां शनिवार को 228 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पंजाब को पीछे छोड़कर बिहार टॉप-10 कोरोना प्रभावित राज्यों में शामिल हो गया है। पंजाब में 2029 संक्रमित हैं। उधर, पटना में सातों दिन बाजार खोलने की तैयारी है। डीएम कुमार रवि ने कहा कि सभी दुकानें शाम 6 बजे तक ही खुलेंगी। आधी दुकानें सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और आधी मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को खोली जाएंगी। 


Comments


  • WhatsApp-icon
  • Wix Facebook page
  • Wix Twitter page
  • Wix Google+ page
Copyright Information
© copyrights reserved to "dainik desh ki dharti"
bottom of page