देश में गुरुवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 18 हजार 183 संक्रमित बढ़े
- Rajesh Jain
- Jun 26, 2020
- 2 min read

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 4 लाख 91 हजार 168 हो गई। गुरुवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 18 हजार 183 संक्रमित बढ़े और 13 हजार से ज्यादा ठीक हो गए। महाराष्ट्र में भी रिकॉर्ड 4841 पॉजिटिव मिले। अब यहां 1.47 लाख से ज्यादा मरीज हो गए। महाराष्ट्र में कोरोना से 6931 लोगों की जान गई, डेथ रेट 4.69% है। मुंबई में 117 दमकल कर्मी संक्रमित हुए। पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ में महीनेभर में कोरोना के 700% मामले बढ़ गए।
निगम कमिश्नर श्रवण हार्डिकर ने बताया कि मंगलवार को पिंपरी चिंचवाड़ में संक्रमितों की संख्या 2100 के पार हो गई। जबकि 22 मई तक यहां सिर्फ 274 संक्रमित थे। इस ट्रेंड से लग रहा है कि जल्द ही 3000 मरीज हो जाएंगे। वहीं, महाराष्ट्र में एक हफ्ते में जिम और सैलून खुलेंगे। लेकिन धर्म स्थल पर श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ।
मीनाक्षी लेखी ने केजरीवाल पर निशाना साधा
दिल्ली में 3390 पॉजिटिव केस बढ़े और 3328 मरीज ठीक हो गए। यहां अब 73 हजार 780 संक्रमित मिल चुके हैं। भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने केजरीवाल सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कोरोना के मामले में राजधानी की हालत महाराष्ट्र से बदतर हो गई। केजरीवाल सरकार ने लॉकडाउन में शराब दुकानें खुलवाईं, क्वारैंटाइन के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। हम न्यूयॉर्क से कॉम्पिटीशन कर रहे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, देश में संक्रमित केस 4 लाख 73 हजार 105 हो गए हैं। इनमें 1 लाख 86 हजार 514 एक्टिव केस हैं। 2 लाख 71 हजार 697 स्वस्थ हो गए। वहीं, 14 हजार 894 लोगों की जान गई। पिछले 24 घंटे में देशभर में 2 लाख 7 हजार 871 टेस्ट किए गए। इसे मिलाकर अब तक 75 लाख 60 हजार 782 सैंपल की टेस्टिंग हो चुकी है।
पाकिस्तान से 204 भारतीयों की वापसी हुई
पाकिस्तान में फंसे भारतीयों की वतन वापसी शुरू हो गई है। गुरुवार को पहले चरण में 204 नागरिकों को वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लाया गया। अब इन सभी को 14 दिन क्वारैंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, पहले चरण के लिए 250 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन 46 लोग नहीं आए।
Comments