देश में रोजाना टूटता कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा आज 25000 नए केस
- Desh Ki Dharti

- Jul 5, 2020
- 2 min read

भारत में कोरोना के केस तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में ही देश में कोरोना के अब तक के सबसे ज्यादा 24 हजार 850 नए केस सामने आए, वहीं 613 लोगों की जान भी गई। इसी के साथ भारत में अब कोरोना मरीजों की संख्या 6 लाख 73 हजार 165 पहुंच गई है, जबकि मृतकों का आंकड़ा 19 हजार 268 हो गया है।
कोरोना से सबसे बुरा हाल महाराष्ट्र का है, जहां पिछले 24 घंटे में ही कोरोना के अब तक के सबसे ज्यादा 7 हजार 74 मामले दर्ज हुए। इसी के साथ अब राज्य में संक्रमितों की संख्या 2 लाख के पार पहुंच गई है। वहीं, राज्य में 295 लोगों की मौत के साथ अब तक कुल 8671 लोगों की जान जा चुकी है।
इस बीच कोरोना पर दिल्ली में अच्छी खबर है। राष्ट्रीय राजधानी में रिकवरी रेट पहली बार 70% के पार (70.22%) हुआ है। शनिवार को सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुल मरीजों में से 70 फीसदी ठीक भी हो चुके हैं। कुल 97,200 मरीज़ों में से 68,256 ठीक हो चुके हैं। पॉजिटिविटी रेट (मतलब कुल टेस्ट में कितने लोग पॉजिटिव निकल रहे हैं) 10.58% हुआ, जो 36.94% पहुंच गया था।
बकौल सीएम, "दिल्ली के 2 करोड़ लोगों की मेहनत रंग ला रही है। दिल्ली का रिकवरी रेट 70% से ऊपर जाने पर सभी कोरोना वॉरियर्स को बधाई। कोरोना को हराने के लिए अभी हम सबको और मेहनत करनी है।" बता दें कि दिल्ली में कोरोना के शनिवार को 2,505 नए मामले आए। राजधानी में अभी तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 97,000 के पार है, जबकि इससे 3,000 से अधिक मौते हुई हैं।
वहीं, 24 घंटों में तमिलनाडु में कोरोना के 4,280 नए मरीज मिले हैं और 65 लोगों की मौत हो गई। अब सूबे में कुल मामले बढ़कर 1,07,001 हो गए हैं और मृतकों की संख्या 1450 पहुंच गई है। इसी बीच, केरल में एक दिन के भीतर कोरोना के रिकॉर्ड 240 केस आए, जिसके बाद कुल केसों की संख्या बढ़कर 5,204 हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, देश में फिलहाल कोरोना के 2 लाख 44 हजार एक्टिव केस हैं, जबकि 4 लाख 9 हजार लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। इसी के साथ भारत में रिकवरी रेट 61 फीसदी पर पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में ही भारत में करीब 15 हजार मरीज डिस्चार्ज हुए हैं।























































































Comments