top of page

कोरोना देश में: 24 घंटे में 27754 मरीज बढ़े, आंकड़ा 8.50 लाख पहुंचा


नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 8 लाख 50 हजार 358 हो गई है। यह आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं। शनिवार को लगातार दूसरे दिन 27 हजार से ज्यादा केस बढ़े। पिछले 24 घंटे में 27 हजार 754 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वहीं, 19 हजार 981 लोग भी स्वस्थ भी हो गए।

शनिवार को सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 8139 लोग संक्रमित मिले। यहां अब तक एक दिन का ये सबसे ज्यादा आंकड़ा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि 24 घंटे में 27 हजार 114 मामले सामने आए और 519 लोगों की जान गई। देश में अब तक 8 लाख 20 हजार 916 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से 2 लाख 83 हजार 407 एक्टिव मरीज हैं। वहीं, 5 लाख 15 हजार 386 लोग स्वस्थ हो गए हैं। देश में अब तक 22 हजार 123 मौतें हो चुकी हैं।

इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने शनिवार को बताया कि देश में अब तक एक करोड़ 13 लाख 7 हजार 2 टेस्ट किए जा चुके हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे 2 लाख 82 हजार 511 सैंपल की जांच की गई।

ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने कोरोनावायरस के इलाज के लिए त्वचा से संबंधित बीमारी (सोरायसिस) के इटोलीजुमैब इंजेक्शन के सशर्त इस्तेमाल को मंजूरी दी है। इसका इस्तेमाल उन मरीजों पर किया जा सकेगा, जो संक्रमित होने के बाद मेडिकल टर्म एआरडीएस से पीड़ित हैं। इस स्थिति में सांस संबंधी दिक्कतें भी होती हैं। डीसीजीई के एक अफसर ने न्यूज एजेंसी से कहा- भारत में कोविड-19 के मरीजों पर इस इंजेक्शन का परीक्षण किया गया था। इसके नतीजे काफी अच्छे मिले।


तमिलनाडु में 3,965 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस तरह से यहां अब तक 1 लाख 34 हजार 226 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। कर्नाटक में 2,798, देश की राजधानी दिल्ली में 1,781, उत्तर प्रदेश में 1,392, पश्चिम बंगाल में 1,344 और तेलंगाना में 1,178 लोग संक्रमित पाए गए। देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 2 लाख 91 हजार 51 है। 5 लाख 36 हजार 231 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 22 हजार 685 लोगों की मौत हो चुकी है।


कर्नाटक, नगालैंड में लॉकडाउन


कर्नाटक के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि बेंगलुरु के शहरी और ग्रामीण इलाकों में 14 जुलाई रात 8 बजे से 22 जुलाई सुबह 5 बजे तक फुल लॉकडाउन रहेगा। हालांकि, जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। वहीं, नगालैंड में भी 31 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। पहले यह 16 जुलाई को खत्म होना था। मगर राज्य में बढ़ते संक्रमण के मामलों को देखते हुए इसे 15 दिन और बढ़ा दिया है। उधर, यूपी में लॉकडाउन पहले ही दिन फेल दिखा। लोग बाहर घूमते दिखे। पुलिस ने चालान बनाए।


राजस्थान में प्रवेश लेते ही होगी जांच : राजस्थान सरकार ने कोरोना के रोकथाम के लिए शनिवार को नई गाइडलाइन जारी की। इसके मुताबिक अब राज्य के सभी एंट्री प्वाइंट पर चेक पोस्ट बनाया जाएगा। यहां राज्य में दाखिल होने वाले प्रत्येक लोगों की जांच होगी।


दिल्ली में नहीं होंगी परीक्षाएं : दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा, "राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि दिल्ली की सभी यूनिवर्सिटी के एग्जाम नहीं होंगे। इनमें सभी आगामी सेमेस्टर और टर्मिनल (फाइनल) एग्जाम भी शामिल होंगे। सभी यूनिवर्सिटी से कहा गया है कि बिना लिखित परीक्षाएं कराए, छात्रों को पुरानी परीक्षाओं के आधार पर या पुराने सेमेस्टर के आधार पर या अन्य मूल्यांकन के आधार पर प्रमोट करें। इसके लिए यूनिवर्सिटीज अपने पैरामीटर्स तय कर सकती हैं।"



बंगाल और पंजाब के मुख्यमंत्री ने परीक्षा रद्द करने की मांग की : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की है। उन्होंने लिखा, ''इस कठिन समय में परीक्षाएं कराना सुरक्षित नहीं होगा। छात्रों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के हित में परीक्षा रद्द कर देनी चाहिए। छात्रों को आतंरिक मूल्यांकन के आधार पर नंबर देकर प्रमोट कर देना चाहिए।''


अबू धाबी के लिए स्पेशल फ्लाइट : एतिहाद एयरवेज़ ने अबू धाबी के लिए 12 से 26 जुलाई तक स्पेशल पैसेंजर फ्लाइट्स शुरू करने का फैसला लिया है। ये फ्लाइट्स देश के 6 एयरपोर्ट बेंगलुरु, चेन्नई, कोच्चि, दिल्ली, हैदराबाद और मुंबई से उड़ानें भरेंगी।



Comments


  • WhatsApp-icon
  • Wix Facebook page
  • Wix Twitter page
  • Wix Google+ page
Copyright Information
© copyrights reserved to "dainik desh ki dharti"
bottom of page