कोरोना अपडेट, पहली बार 24 घंटे में मृतकों का आंकड़ा 300 के पार
- Desh Ki Dharti

- Jun 11, 2020
- 2 min read

भारत में लॉकडाउन को खोलने की कोशिशों के बीच कोरोनावायरस पीड़ितों की संख्या में इजाफा जारी है। देश में गुरुवार तक संक्रमितों की संख्या 2 लाख 87 हजार के करीब पहुंच गई। साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 8107 के ऊपर आ गई है। इस बीच भारत ने अब तक 50 लाख सैंपल्स की टेस्टिंग पूरी कर ली है। सबसे ज्यादा टेस्टिंग के मामले में भारत का दुनिया में चौथा स्थान हो गया है। हालांकि, टेस्ट पर मिलियन पर जाएं, तो भारत में अभी हर 10 लाख की आबादी में सिर्फ 3.5 हजार लोगों के टेस्ट ही हुए हैं। साथ ही भारत में टेस्ट पॉजिटिविटी रेट भी 5.5% के करीब है।
देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात की जाए, तो महाराष्ट्र में हालात काफी खराब हैं। यहां अब पीड़ितों की संख्या 90 हजार 787 पर पहुंच गई है। वहीं, 24 घंटे में 120 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 3289 हो गई है। राज्य में पिछले करीब तीन हफ्तों से लगातार हर दिन दो हजार नए केस सामने आ रहे हैं। राज्य में मुंबई में ही 55 फीसदी से ज्यादा केस हैं। फिलहाल 51 हजार 100 केसों के साथ मुंबई संक्रमण के मामले में चीन के वुहान से आगे निकल गया है। गौरतलब है कि कोरोनावायरस का पहला केस वुहान से ही आया था।
संक्रमित राज्यों में दूसरा नंबर तमिलनाडु का है, जहां एक दिन में अब अब तक के 1685 नए संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ राज्य में अब पीड़ितों का आंकड़ा 34 हजार 914 हो गया है। तीसरे नंबर पर 29 हजार 943 केसों के साथ दिल्ली है। हालांकि, अगर तमिलनाडु और दूसरे राज्यों में मौत की तुलना की जाए, तो तमिलनाडु के हालात काफी बेहतर हैं। चौथे नंबर पर गुजरात की 1313 और तीसरे नंबर पर दिल्ली में 874 मौतों के मुकाबले तमिलनाडु में 303 लोगों की ही जान गई है।
फिलहाल भारत के लिए एक सुकून देने वाली खबर यह है कि अब तक कुल मरीजों में से करीब 50 फीसदी यानी करीब 1 लाख 40 हजार 979 लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही करीब 6300 मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। देश में एक्टिव केसों की संख्या 1 लाख 38 हजार है।























































































Comments