देश मे बढ़ता कोरोना का कहर
- Rajesh Jain
- May 20, 2020
- 5 min read

भारत में एक्टिव मरीजों की संख्या 60 हजार 600, अमेरिका में 11 लाख 5 हजार 310 और रूस में 2 लाख 20 हजार 974
मंगलवार को देश में संक्रमण के 5 हजार से ज्यादा केस, अकेले महाराष्ट्र में 2 हजार से ज्यादा मामले
नई दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि दुनिया में प्रति एक लाख आबादी पर 60 और भारत में सिर्फ 7.1 कोरोना मरीज हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया में कोरोना के कुल 45 लाख 25 हजार 497 केस हैं। इसका मतलब प्रति एक लाख आबादी पर 60 मरीज। अमेरिका में एक लाख की आबादी पर 431, ब्रिटेन में 494 और इटली में 372 मरीज हैं।
इधर, देश में मंगलवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर एक लाख 6 हजार 441 हो गई। मंगलवार को संक्रमण के 5 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। इसमें अकेले महाराष्ट्र में 2100 से ज्यादा केस हैं। अब तक देश में 41 हजार 747 लोग स्वस्थ भी हुए हैं, जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 60 हजार 600 है। भारत इस मामले में सातवें स्थान पर है।
अमेरिका में 11 लाख से ज्यादा एक्टिव मरीज
अमेरिका, रूस, ब्राजील, फ्रांस, इटली और पेरू इस मामले में भारत से आगे हैं। अमेरिका में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 11 लाख 5 हजार 310 है। रूस (2 लाख 20 हजार 974), ब्राजील (1 लाख 43 हजार 733), फ्रांस (1 लाख 89 हजार 960), इटली (65 हजार 129), पेरू (61 हजार 838)। यह आंकड़े स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी और Worldometers के आधार पर हैं।
भारत में 1 लाख की आबादी पर 0.2 मौतें भारत में एक लाख की आबादी पर कोरोना से 0.2 मौतें हो रही हैं, जबकि दुनिया में इतनी ही आबादी पर 4.1 मौतें हो रही है। एक लाख आबादी पर सबसे ज्यादा 59.2 मौतें स्पेन में हुई। यहां अब तक 27 हजार 650 लोग दम तोड़ चुके हैं। इटली दूसरे स्थान पर है। यहां एक लाख की आबादी पर 52.8 मौतें हुई हैं।
इसके बाद ब्रिटेन है। यहां अब तक कुल 34 हजार 636 मरीजों की जान गई है। एक लाख की आबादी पर मौतों का आंकड़ा 52.1 है। अमेरिका में यह दर 26.6 है। यहां अब तक 87 हजार 180 लोगों की जान जा चुकी है। इतनी ही आबादी पर फ्रांस में 41.9, जर्मनी में 9.6, ईरान में 8.5 और कनाडा में 15 से ज्यादा मौतें हुईं हैं। भारत में कोरोना मरीजों की संख्या एक लाख के पार
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार हो गई है। इसे 100 मरीजों से यहां तक पहुंचने में 64 दिन लगे। इस मामले में भारत की स्थिति अमेरिका, इटली और ब्रिटेन समेत सभी शीर्ष देशों से बेहतर हे। अमेरिका में सबसे तेज यह आंकड़ा बढ़ा। यहां 100 से एक लाख मरीज होने में सिर्फ 25 दिन लगे थे। ये आंकड़े worldometers वेबसाइट के मुताबिक हें।
देशभर से लॉकडाउन-4 की तस्वीरें
लॉकडाउन-4 में मिली सहूलियतों के बाद देश भर में लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। बेंगलुरु में मंगलवार को लालबाग बॉटेनिकल गार्डन में मॉर्निंग वॉक पर जाने वालों की लंबी कतार नजर आई। करीब दो महीने बाद इस पार्क को हर दिन सीमित समय के लिए खोलने की इजाजत दी गई है। वहीं, दिल्ली और गुजरात के राजकोट में चाय की दुकानें खुलने लगी हैं। दुकानदारों को सोशल डिस्टेंसिंग और सफाई के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दुकानों पर एक बार में पांच से ज्यादा लोग इकठ्ठे नहीं हो सकेंगे।
अपडेट्स
सीआरपीएफ के 205 जवान कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गए हैं, जबकि 89 का इलाज चल रहा है। एक जवान की मौत हुई है। अकेले मंगलवार को 28 जवान स्वस्थ हुए। बीते 24 घंटे में बीएसएफ के 22 जवानों को दिल्ली के अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया है। अब तक 214 जवान ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कोरोना संकट और प्रवासी मजदूरों के पलायन पर 22 मई को विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में एनसीपी प्रमुख शरद पवार, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राजेडी नेता तेजस्वी यादव मौजूद रहेंगे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 38.29% हो गई है। देश में हर एक लाख आबादी पर 7.1 मरीज हैं। दुनिया में देखें तो प्रति एक लाख आबादी पर कोरोना के 60 मरीज हैं।
केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों के सचिवों को पत्र लिखा है। इसमें प्रवासी श्रमिकों के संकट को कम करने के लिए कई सुझाव दिए गए हैं। इसमें राज्यों और रेलवे के समन्वय से और अधिक स्पेशल ट्रेन चलाने की बात भी कही गई है।
26 राज्य, 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस संक्रमण 26 राज्यों में फैला है। 7 केंद्र शासित प्रदेश भी इसकी चपेट में हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पुडुचेरी और दादरा एवं नगर हवेली शामिल हैं।
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 1 हजार 139 संक्रमित हैं। 58 हजार 802 का इलाज चल रहा है। 39 हजार 173 ठीक हुए हैं और 3163 की मौत हो चुकी है।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल
मध्यप्रदेश, संक्रमित- 5465: यहां मंगलवार को संक्रमण के 229 मामले सामने आए। इंदौर में 72, खंडवा में 21, बुरहानपुर में 42 और भोपाल में 16 केस हैं। राज्य में लॉकडाउन फेज-4 की तस्वीर साफ हो गई है। ग्रीन जोन में बाजार खुलने लगे हैं। सोमवार रात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रेड और ग्रीन जोन में जो सहूलियतें दी जा रही हैं, वे फिलहाल 7 दिन के लिए हैं। अगर संक्रमण बढ़ता है तो समीक्षा के बाद फिर सख्ती की जाएगी।

यह तस्वीर इंदौर की है। यहां अरबिंदो हॉस्पिटल में एक 88 साल की महिला ने कोरोना को मात दी। सोमवार को उनकी इलाज के बाद छुट्टी हो गई।
महाराष्ट्र, संक्रमित- 37158: महाराष्ट्र सरकार कोरोना मरीजों के इलाज के लिए राज्य के निजी अस्पतालों के 80% बेड अपने नियंत्रण में लेगी। वहीं, 17 हजार डॉक्टरों और नर्सों की भर्ती होगी। स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इधर, मंगलवार को राज्य में रिकॉर्ड 1202 कोरोना मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।
उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 4605: बीते 24 घंटे में यहां 141 संक्रमित बढ़े और 147 मरीजों की अस्पताल से छुट्टी हुई। राज्य में कुल संक्रमितों में से 1704 का इलाज चल रहा है। 2783 ठीक हो चुके हैं, जबकि 118 की मौत हो चुकी हैं।

यह तस्वीर लखनऊ की है। यहां लखनऊ-कानपुर नेशनल हाईवे से गुजरते ट्रक में सवार प्रवासियों को बाजू से गुजरते दूसरे ट्रक में सवार प्रवासी ने कुछ इस तरह पानी के पाउच दिए।
राजस्थान, संक्रमित- 5845: यहां मंगलवार को 338 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि पांच लोगों की मौत हुई। सबसे ज्यादा 70 मरीज डूंगरपुर में मिले, पाली में 69, जयपुर और बाड़मेर में में 17-17, नागौर में 16, उदयपुर में 13, सिरोही में 12, जोधपुर में 11, टोंक और कोटा में 5-5, बीकानेर में 3, झुंझुनूं, प्रतापगढ़ और सीकर में 2-2, जबकि अजमेर, झालावाड़, चूरू, दौसा, अलवर और धौलपुर में 1-1 मरीज मिला।
दिल्ली, संक्रमित- 10554: यहां मंगलवार को 500 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 265 मरीज ठीक हुए और 6 की मौत हुई। यहां कुल संक्रमितों में से 5638 का इलाज चल रहा है, जबकि 4750 मरीज ठीक हो चुके हैं।

यह तस्वीर गाजियाबाद की है। बिहार जा रहे मजदूरों के बच्चे थक कर कुछ इस तरह बैगों पर ही सो गए। प्रवासी मजदूरों को पुलिस राज्य की सीमा पार करने से रोक रही है।
बिहार, संक्रमित- 1495: यहां मंगलवार को 72 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें से जेहानाबाद में 31, बेगूसराय में 12, औरंगाबाद और नवादा में 4-4, गया, अरवल और सुपौल में 3-3, भागलपुर, शेखपुरा, बक्सर, मधेपुरा और कैमूर में 2-2, जबकि पटना और समस्तीपुर में 1-1 मरीज मिला।

यह तस्वीर पटना की है। इस मां की तकलीफ को समझा जा सकता है। सिर पर बोझ और गोद में बेटी को लेकर यह अपने गांव तक कैसे पहुंचेगी?























































































Comments