कोरोना देश में LIVE /8677 नए मामले मिले: देश में अब 1 लाख 90 हजार 162 संक्रमित
- Rajesh Jain
- May 31, 2020
- 4 min read

देश में अब तक 5402 संक्रमितों की मौत हुईं, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 2286 ने जान गंवाई
दिल्ली में रविवार को लगातार चौथे दिन 1 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े, अब तक 473 की मौत
शनिवार को सबसे ज्यादा 8335 केस मिले, लगातार दूसरे दिन 8 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमण के अब तक 1 लाख 90 हजार 162 केस आ चुके हैं। दिल्ली में लगातार चौथे दिन रविवार को 1 हजार से ज्यादा रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। सबसे अधिक 1295 मरीज मिलने के साथ 57 मौतें भी हुईं। राजधानी में अब 19 हजार 844 संक्रमित हैं और 473 लोगों ने जान गंवाई। वहीं, उत्तराखंड के एक मंत्री कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। मंत्री के परिवार और स्टाफ के 22 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
केंद्र की गाइडलाइन आने के बाद राज्यों ने संक्रमण की स्थिति को देखते हुए लॉकडाउन बढ़ाना शुरू कर दिया है। अभी महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पंजाब में 30 जून तक लॉकडाउन लागू रहेगा। शनिवार को मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल ने कहा था कि महामारी के खतरे की वजह से 15 जून तक प्रतिबंध जारी रहेंगे।
कल दूसरे दिन 8 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले
आज दिल्ली के अलावा महाराष्ट्र में 2487, तमिलनाडु में 1295, गुजरात में 438, प. बंगाल में 371, कर्नाटक में 299, बिहार में 242, राजस्थान में 214, मध्यप्रदेश में 198, तेलंगाना में 199, हरियाणा में 168, ओडिशा में 129, आंध्रप्रदेश में 110 और उत्तराखंड में 158 मरीज मिले। इससे पहले शनिवार को देश में रिकॉर्ड 8335 मरीज मिले। कुल 4303 लोग ठीक हुए और 205 की मौत हुई। यह लगातार दूसरा दिन था, जब देश में 8 हजार से ज्यादा संक्रमित बढ़े।
ये आंकड़े covid19india.org के आधार पर हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 82 हजार 143 संक्रमित हैं। इनमें से 89 हजार 995 का इलाज चल रहा है। 86 हजार 983 ठीक हुए हैं, जबकि 5164 की मौत हो चुकी है।
केरल में टेस्टिंग के लिए लैब ऑन व्हील्स
केरल में ग्रामीण इलाकों में कोरोना की जांच करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मोबाइल टेस्टिंग वैन लॉन्च की है। ऐसा राज्य में संक्रमण के दूसरे दौर के खतरे को देखते हुए किया गया। इसे लैब ऑन व्हील्स नाम दिया गया है। इस वैन में कॉन्टेक्टलैस सैंपल कलेक्शन के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। इससे तेजी से और ज्यादा सुरक्षा के साथ सैंपलिंग और टेस्टिंग की जा सकेगी।
मरीज तेजी से ठीक हो रहे, इसलिए अस्पताल पर दबाव कम
पिछले एक हफ्ते में संक्रमण के 50 हजार 407 केस आए, लेकिन अस्पताल में मरीजों की संख्या में 16 हजार 562 की बढ़ोतरी ही हुई है। दरअसल, इस दौरान 32 हजार 528 मरीज ठीक हो गए और 1317 मरीजों की मौत हो गई।
संक्रमण 28 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेश में फैला
कोरोनावायरस संक्रमण 28 राज्यों में फैला है। 7 केंद्र शासित प्रदेश भी इसकी चपेट में हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पुडुचेरी और दादरा एवं नगर हवेली शामिल हैं।
अपडेट्स...
रेलवे 1 जून से 200 एसी और नॉन एसी ट्रेनों की शुरुआत करेगा। इनमें 30 जून तक के लिए करीब 26 लाख टिकट बुक हो चुके हैं। पहले दिन सोमवार को 1.45 लाख यात्री सफर करेंगे।
सरकार ने भले ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने पर अभी फैसला नहीं लिया है। लेकिन 7 दिन पहले घरेलू उड़ानें शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में लोग यात्रा कर रहे हैं। रविवार को इनमें कुल 65 हजार 524 यात्रियों ने सफर किया।
हिमाचल प्रदेश में सभी सरकारी ऑफिस 100% अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ खुलेंगे। इनकी टाइमिंग को दो हिस्सों सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक और सुबह 10.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक बांटा गया है।
तमिलनाडु और महाराष्ट्र सरकार ने लॉकडाउन 30 जून तक बढ़ा दिया है। इससे पहले शनिवार को मध्यप्रदेश और पश्चिम बंगाल ने लॉकडाउन 15 जून तक और पंजाब ने 30 जून तक बढ़ाया था।
दिल्ली सचिवालय के सामान्य प्रशासन विभाग के एक अधिकारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस ऑफिस को सील कर दिया गया है।
पांच राज्यों का हाल
मध्यप्रदेश: राज्य में लॉकडाउन 15 जून तक बढ़ा दिया गया है, लेकिन इसका स्वरूप कैसा होगा यह आज तय होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रात 8 बजे दूरदर्शन पर राज्य की जनता को संबोधित करेंगे। इसमें वे लॉकडाउन की रूप रेखा की जानकारी देंगे। सूत्रों के मुताबिक, राज्य में संक्रमण की स्थिति को देखते हुए सरकार ज्यादा रियायतें देना नहीं चाहती।
महाराष्ट्र: राज्य में लॉकडाउन में छूट पर फैसला 1-2 दिन में किया जाएगा। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2940 मरीज मिले, 99 की मौत हुई और 1084 ठीक हुए। राज्य में अब तक संक्रमण के 65 हजार 168 मामले आ चुके हैं। इनमें से 34 हजार 890 का इलाज चल रहा है। 28 हजार 81 ठीक हो चुके हैं और 2197 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को अकेले मुंबई में 1510 संक्रमित बढ़े और 54 की मौत हुई।
उत्तरप्रदेश: यहां 24 घंटे में 262 संक्रमित पाए गए। सबसे ज्यादा 43 मरीज अमेठी में मिले। अब तक कुल 7701 मामले सामने आए हैं। 213 की मौत हो चुकी है। शनिवार को 241 मरीज ठीक हुए। राज्य में 8 जून से धार्मिक स्थल खोलने की मंजूरी दे दी गई है। उधर, 1 जून को गंगा दशहरा है। वाराणसी में पुलिस लोगोंं से अपील कर रही है कि वे इस दिन घाटों पर स्नान न करें।
राजस्थान: यहां रविवार को 76 संक्रमित मिले। इनमें जयपुर में 21, झालावाड़ में 14, भरतपुर में 12, झुंझुनूं में 7, कोटा में 6, धौलपुर और राजसमंद में 5-5, अजमेर में 3, उदयपुर में 2, जबकि टोंक में 1 संक्रमित मिला। जयपुर मे एक संक्रमित की मौत हुई। राज्य में इस बीमारी से अब तक 194 लोग जान गंवा चुके हैं।
बिहार: यहां रविवार को 111 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सबसे ज्यादा 32 नए मरीज बेगूसराय में मिले। इसके अलावा भागलपुर में 20, पूर्णिया में 13, शेखपुरा और किशनगंज में 7-7, गया में 6, पटना और जमुई में 4-4, मुंगेर, भोजपुर, कैमूर, सारण, सहरसा और कटिहार में 2-2, जबकि औरंगाबाद, अररिया और दरभंगा में 1-1 मरीज मिला।























































































Comments