वैश्विक महामारी कोरोना से मुक्ति के लिए 31 मई को 1008 घरों में होगा हवन
- anwar hassan

- May 19, 2020
- 2 min read

जयपुर,18 मई (हि.स.)। कोरोना से मुक्ति और वातावरण की शुद्धि के लिए जयपुर में 31 मई को 1008 घरों में गायत्री यज्ञ और उपासना की जाएगाी। अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से गायत्री जयंती की पूर्व संध्या पर गृहे-गृहे गायत्री उपासना के तहत यह यज्ञ हवन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। गायत्री परिवार राजस्थान जोन के प्रभारी अंबिका प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि 31 मई को विश्व के 100 से अधिक देशों के 15 करोड़ साधक आयुर्वेदिक औषधियुक्त हवन सामग्री के साथ हवन करेंगे। जयपुर शहर में एक हजार आठ घरों में यज्ञ का लक्ष्य रखा गया है। यज्ञ हवन में माता गायत्री, भगवान शिव और सूर्य के विशिष्ट मंत्रों के साथ आहुतियां प्रदान की जाएगी। वहीं यज्ञ हवन सामग्री में अमृता, ब्राह्मी, प्रज्ञा घास, गाय का घी, चावल, गुड़, नीम, पाकड़, बेल, नीलगिरी, अगर-अगर, आम की लकड़ी, गाय के गोबर से बने कंडे आदि शामिल है। यज्ञ और उपासना का क्रम सुबह 9 से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके अगले दिन एक जून को गायत्री जयंती मनाई जाएगी। इससे ठीक एक दिन पहले यह आयोजन होगा। दो जून से एक वर्षीय गायत्री साधना आंदोलन प्रारंभ होगा। आयोजन में गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ नए घरों को भी जोड़ा जा रहा है। सभी लोग अपने घरों में ही यह आयोजन करेंगे। विभिन्न माध्यमों से मंत्रोच्चार और हवन के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। पिछले कई सप्ताह से ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें साधकों को मंत्र और श्लोक का सही उच्चारण, यज्ञ आहुति के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। जो प्रशिक्षित हो चुके हैं वे दूसरों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। आयोजन के लिए एक ऐप तैयार किया जा रहा है।























































































Comments