बेकाबू होता जा रहा भारत में कोरोना 27000 नए मरीज सामने आए
- Desh Ki Dharti

- Jul 11, 2020
- 2 min read

भारत में लॉकडाउन खुलने के साथ ही कोरोनावायरस के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के अब तक के सबसे ज्यादा 27 हजार 114 नए मामले सामने आए। वहीं, 519 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ भारत में शुक्रवार तक संक्रमितों की संख्या 8 लाख 29 हजार 916 पर पहुंच गई। साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 22 हजार 123 हो गई है। देश में कोरोना के 2 लाख 83 हजार 407 एक्टिव केस हैं।
देश में सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों की बात की जाए, तो महाराष्ट्र में हालात काफी खराब हैं। यहां अब पीड़ितों की संख्या 2 लाख 38 हजार पर पहुंच गई है। वहीं, 24 घंटे में 226 नई मौतों के साथ अब मृतकों की संख्या 9893 हो गई है। देश के कुल मौतों और संक्रमितों में एक-तिहाई से ज्यादा हिस्सा महाराष्ट्र का ही है।
संक्रमित राज्यों में दूसरा नंबर तमिलनाडु का है, जहां एक दिन में 3680 नए संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ राज्य में अब पीड़ितों का आंकड़ा 1 लाख 30 हजार 261 हो गया है। तीसरे नंबर पर 1 लाख 9 हजार 140 केसों के साथ दिल्ली है। हालांकि, अगर तमिलनाडु और दूसरे राज्यों में मौत की तुलना की जाए, तो तमिलनाडु के हालात काफी बेहतर हैं। चौथे नंबर पर गुजरात की 2023 और तीसरे नंबर पर दिल्ली में 3300 मौतों के मुकाबले तमिलनाडु में 1829 लोगों की जान गई है।
फिलहाल भारत के लिए एक सुकून देने वाली खबर यह है कि अब तक कुल मरीजों में से करीब 62.6 फीसदी से ज्यादा यानी 5 लाख 15 हजार 386 लोग ठीक हो कर घर लौट चुके हैं। पिछले 24 घंटे में ही करीब 20 हजार मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। देश में एक्टिव केसों की संख्या 2 लाख 76 हजार है।























































































Comments