कोटा शहर को अपराध मुक्त बनाने के प्रयास जारी-एसपी गौरव यादव
- Rajesh Jain
- Jun 18, 2020
- 3 min read

हंट--2020 से अपराधियों में हड़कंप
4 माह में 140 वांछित हार्डकोर सहित 745 गंभीर अपराधी किए गिरफ्तार
कोटा,18 जून। कोटा शहर को अपराधमुक्त शहर बनाने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान हंट 2020 से जहां अपराधियों में हड़कंप मचा है वहीं गत 4 माह में पुलिस को भारी सफलता हासिल हुई है।
शहर पुलिस अधीक्षक गौरव यादव ने बताया कि शहर में बढ़ते आपराधिक ग्राफ पर अंकुश लगाने व बढ़ते फरार अपराधियों की धरपकड़ हेतु जिला स्तर पर विशेष अभियान हंट 2020 के नाम से चलाया गया था। इस विशेष अभियान के दौरान पिछले 4 माह में कोटा शहर पुलिस द्वारा कोविड-19 वायरस के बढ़ते संक्रमण की रोकथाम हेतु कोरोना वारियर्स के विभिन्न रूपों में 24 घंटे ड्यूटी करने के उपरांत भी अलग पुलिस थानों के विभिन्न गंभीर अपराधों में काफी लंबे समय से फरार चल रहे कुल 140 हार्डकोर वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया गया।
उन्होंने बताया कि शहर में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री में लिप्त तस्करों की धरपकड़ करते हुए कुल 60 किलो 300 ग्राम गांजा, 18.9 किलो ग्राम चरस, 54.5 ग्राम स्मैक जप्त कर 22 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया गया। अवैध हथियार रखने के अपराध में 119 अभियुक्तगणों के पास से 6 पिस्टल,8 देशी कट्टे, 3 रिवाल्वर, 23 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन, 29 चाकू, 44 छुररा, 6 तलवार, 17 कटार,1 गुप्ती सहित 2 कार बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही हत्या के प्रकरणों में लंबे समय से फरार 2, लूट जैसे संगीन अपराधों में लिप्त 22,डकैती में 14, बलात्कार में वांछित 16 अभियुक्तगणों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया गया। अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाते हुए कारोबार में लिप्त 115 अभियुक्तगणों को गिरफ्तार कर उनके पास से अंग्रेजी शराब की 184 बोतल, 933 पव्वे, 126 बीयर बोतल, देशी शराब की 648 बोतल,16861 पव्वे एवं 175 लीटर हथकढ़ शराब व 74607 रुपए, 6 कार,5 मोटर साईकिल मोटरसाइकिल,1 स्कूटर जप्त किया गया।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार इस अवधि में जुआ सट्टा की अवैध गतिविधियों में लिप्त 295 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 3 लाख 27 हजार 365 रूपये जप्त किए गये। इस विशेष अभियान के दौरान अब तक विभिन्न अपराधों के 745 गंभीर अभियुक्त गणों को जेल भिजवाया जा चुका है। भविष्य में भी हंट 2020 अभियान द्वारा अपराधियों की धरपकड़ जारी रहेगी।

बिना मास्क,सोशल डिस्टेंसिंग की पालना नहीं करने पर 187 लोगों के बनाए चालान
कोटा,18 जून। शहर पुलिस ने आज एक दिन में बिना मास्क एवं सामाजिक दूरी नहीं बनाए रखने वाले 187 लोगों के चालान बनाए हैं।
शहर पुलिस अधीक्षक गौरव यादव ने बताया कि कोटा शहर में कोविड-19 वायरस संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा इस वायरस के संक्रमण की रोकथाम हेतु समस्त लोगों के लिए दैनिक दिनचर्या में सुरक्षा उपायों के साथ जीवन जीना आवश्यक किया गया है।
इस संबंध में राज्य सरकार ने सभी नागरिकों के लिए सुरक्षा उपायों तथा मास्क लगाना, सामाजिक दूरी बनाए रखना, सार्वजनिक स्थान पर नहीं थूकना जैसे नियमों की पालना नहीं करने पर चालान कर जुर्माना कार्यवाही करने का प्रावधान भी सुनिश्चित किया है।
उन्होंने बताया कि कोटा शहर में राज्य सरकार के दिशा निर्देशों की पालना में आज विभिन्न पुलिस थाना क्षेत्रों में बिना मास्क घूमने पर 124 लोगों का एवं सामाजिक दूरी नहीं बनाए रखने पर 63 लोगों का चालान कर जुर्माना किया गया। पूर्व में भी जिला पुलिस द्वारा कोविड-19 वायरस संक्रमण की रोकथाम हेतु बनाए गए सुरक्षा मापदंडों की पालना नहीं करने पर इसी प्रकार कार्यवाही की जाती रही है भविष्य में भी लोगों द्वारा राज्य सरकार द्वारा निर्देशित सुरक्षा उपायों की पालना नहीं करने पर उनके विरुद्ध जिला पुलिस कोटा शहर द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाती रहेगी।























































































Comments