राहुल गांधी ने प्रवासी मजदूरों पर एक डॉक्युमेंट्री जारी की
- Rajesh Jain
- May 24, 2020
- 2 min read

यह तस्वीर दिल्ली की है। 16 मई को राहुल गांधी ने सुखदेव विहार फ्लाईओवर के पास प्रवासी मजदूरों से मुलाकात की थी।
राहुल ने ट्वीट कर बताया था- मेरे यूट्यूब चैनल पर मजदूरों के धैर्य, दृढ़ संकल्प और अस्तित्व की अविश्वसनीय कहानी देखिए
कांग्रेस मजदूरों की वापसी पर केंद्र को लगातार घेर रही है, सोनिया गांधी ने शुक्रवार को कहा- सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई
नई दिल्ली.कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 16 मई को दिल्ली में प्रवासी मजदूरों से मुलाकात की थी। शनिवार सुबह 9 बजे उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर इन मजदूरों से जुड़ी एक डॉक्युमेंट्री लाइव की। इसमें मजदूरों के जज्बे, संकल्प और जीने की कहानी शामिल है। राहुल ने इसकी जानकारी ट्वीट कर दी थी।
राहुल ने मास्क बांटे और मजदूरों को घर तक पहुंचाया था
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने पिछले शनिवार को दिल्ली में सुखदेव विहार फ्लाईओवर के पास प्रवासी मजदूरों से 30 मिनट मुलाकात की थी। उनके साथ फुटपाथ पर बैठकर बातचीत की थी। मास्क, खाना और पानी दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बोलकर गाड़ियां मंगवाईं और कुछ मजदूरों को घर तक पहुंचाया था।
वित्त मंत्री ने राहुल का बिना नाम लिए कहा था- वो ड्रामेबाज नहीं हैं क्या?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा, "प्रवासी जब पैदल जा रहे हैं तो उनके साथ बैठकर बात करने की बजाय बेहतर होगा कि उनके बच्चों या उनके सूटकेस को उठाकर पैदल चलें। दुख के साथ कह रहूं इस बात को, जबकि आराम से भी कह सकती हूं। कांग्रेस अपनी सरकारों वाले राज्यों को क्यों नहीं बोलती कि और ट्रेन मंगवाओ। मैं कांग्रेस के ही शब्दों में कह रही हूं कि कांग्रेस हर दिन ड्रामेबाजी कर रही है। कल प्रवासियों के साथ रास्ते पर बैठकर बात करने की जो घटना हुई, क्या ये ऐसा करने का समय है? वो ड्रामेबाज नहीं हैं क्या?"























































































Comments