प्रवासी श्रमिकों की मदद के लिए भेजी गई बसों को लौटाकर यूपी सरकार ने दिखाई असंवेदनशीलता- पायलट
- anwar hassan

- May 23, 2020
- 2 min read

जयपुर, 22 मई (हि.स.)। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से प्रवासी श्रमिकों की मदद के लिए भेजी गई बसों को लौटा उत्तरप्रदेश सरकार ने मजदूरो के प्रति असंवेदनशीलता दिखाई है। उप मुख्यमंत्री पायलट शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पायलट ने कहा कि गत् दिनों कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के आह्वान पर प्रवासी श्रमिकों की परेशानी को देखते हुए उन्हें अपने गंतव्य स्थान तक ले जाने के लिए एक बसों की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि राजस्थान बॉर्डर से श्रमिकों को उत्तरप्रदेश ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था भी कांग्रेस पार्टी द्वारा की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रवासी श्रमिकों को उत्तरप्रदेश में बसों को जाने से रोकने के लिए उत्तरप्रदेश सरकार ने बहुत ही नकारात्मक रवैया अपनाते हुए इन बसों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की उत्तरप्रदेश सरकार ने कांग्रेस पार्टी द्वारा दी गई बसों की प्रकाशित सूची पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने द्वेषता रखते हुए बसों के संबंध में फिटनेस प्रमाण पत्र, वाहन चालकों के लाईसेंस, परमिट सहित कई शर्तें लगा दी। उन्होंने उत्तरप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू एवं कई कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी का विरोध किया। प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं राज्य के परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने कहा कि उत्तरप्रदेश की भाजपा सरकार ने कांग्रेस द्वारा सौंपी 1051 वाहनों की सूची में से 859 बसें होना माना है जबकि परिवहन विभाग राजस्थान द्वारा सत्यापित हो चुका है कि 1051 वाहनों की सूची में से 1032 वाहन बसें थी। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने 2 करोड़ 6 लाख रुपये खर्च करके श्रमिकों को उत्तर प्रदेश में उनके घर तक पहुंचाने का कार्य किया। प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व उत्तरप्रदेश के सहप्रभारी जुबेर खान एवं धीरज गुर्जर ने कहा कि समस्त बसें कांग्रेस पार्टी द्वारा निजी ट्रांसपोटर्स द्वारा किराये पर ली गई थी और एक भी सरकारी बस नहीं थी। ======























































































Comments