top of page

प्रवासी श्रमिकों पर राजनीति शुरू, मंत्री और कांग्रेस के नेता बसें लेकर पहुंचे यूपी सीमा पर


ree

जयपुर, 17 मई (हि.स.)। देशव्यापी लॉकडाउन के बीच प्रवासी मजदूरों के लिए चलाई जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के बावजूद पड़ौसी राज्य उत्तर प्रदेश में पैदल ही अपने घरों की तरफ लौट रहे मजदूरों के मुद्दे को कांग्रेस ने सियासती रंग दे दिया है। कांग्रेस भाजपा शासित राज्यों में इस मुद्दे को भुनाने की तैयारी में है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इसकी शुरुआत उत्तरप्रदेश से की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने कांग्रेस के इस कदम पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री योगी को बदनाम करने के लिए ओछे हथकंडे अपना रही है।  गौरतलब है कि कांगेस महासचिव प्रियंका गांधी की ओर से उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे गए पत्र के बाद रविवार को एआईसीसी के सचिव व पूर्व विधायक जुबेर खान और चिकित्सा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग 150 बसों का काफिला लेकर भरतपुर जिले से लगते राजस्थान-उत्तरप्रदेश सीमा पर पहुंच गए। हालांकि बसों को यूपी की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।  राज्यमंत्री सुभाष गर्ग ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी के आव्हान पर 500 बसें लगाई जा रही है। हम मानवता के आधार पर प्रवासी श्रमिकों की मदद करना चाहते हैं, लेकिन यूपी सरकार बसों को प्रवेश की अनुमति नहीं दे रही है। राजस्थान की बसें मजदूरों को उनके गंतव्य तक छोड़कर आएगी। उन्होंने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मीडिया के माध्यम से अपील की है, मानवता के नाते वे बसों को अनुमति दें।  एआईसीसी के सचिव व पूर्व विधायक जुबेर खान ने कहा कि हम कोई राजनीति नहीं कर रहे हैं, हम मानवता की सेवा करना चाहते हैं। हमने इन बसों पर कांग्रेस का झंडा तक नहीं लगाया है। आज राजनीति से उपर मानवता है। हम चाहते हैं कि यूपी सरकार अनुमति दें और जहां भी चाहे इन बसों को लगाकर पैदल चल रहे गरीबों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाए।  उल्लेखनीय है कि प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। पत्र में लिखा गया कि यूपी में 65 मजदूरों की विभिन्न हादसों में मौतें हो चुकी हैं। कांग्रेस पार्टी बिना किसी राजनीति के इन मजदूरों को उनके गंतव्य तक पहुंचाना चाहती है। इसलिए योगी सरकार को अपने खर्च पर 1000 बसें मुहैया करवा रहे हैं, जिनसे पैदल चलने वाले मजदूरों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने 'हिन्दुस्थान समाचार' को बताया कि कांग्रेस राजस्थान और पंजाब में अपनी सरकारें होने के बावजूद कोई प्रबंध नहीं कर पा रही है। ऐसे में यूपी में अपने बुरे राजनीतिक हश्र के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी को बदनाम करने के लिए ओछे हथकंडे अपनाने पर उतर आई हैं। जनता आने वाले दिनों में उसे यह आईना भी दिखा देंगीं।

Comments


  • WhatsApp-icon
  • Wix Facebook page
  • Wix Twitter page
  • Wix Google+ page
Copyright Information
© copyrights reserved to "dainik desh ki dharti"
bottom of page