top of page

दिल्ली में सीआरपीएफ की एक ही बटालियन के 135 जवान कोरोना वायरस से संक्रमित


ree

नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े अद्र्धसैन्य बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की दिल्ली स्थित एक बटालियन में कोविड-19 से संक्रमित जवानों की संख्या बढ़कर 135 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। ये जवान राष्ट्रीय राजधानी के मयूर विहार फेस-3 इलाके में स्थित अद्र्धसैन्य बल की 31वीं बटालियन के हैं। पिछले कुछ दिनों में यहां कोरोना वायरस के मामले बड़ी संख्या में सामने आने के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, इस बटालियन के कुल 135 जवान विषाणु से संक्रमित पाए गए हैं। यूनिट से कुल 480 नमूने लिए गए थे, जिनमें से 458 की रिपोर्ट आ चुकी है और 22 का इंतजार किया जा रहा है। नमूनों के त्वरित संग्रह को सुनिश्चित करने के लिए बटालियन के परिसर में एक सचल कोरोना वायरस जांच प्रयोगशाला तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि परिसर में और इसके आसपास एक विशेष संक्रमण-मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ज्यादातर संक्रमित कर्मियों में इस जानलेवा बीमारी के कोई लक्षण दिखाई नहीं दिए। इन्हें मंडोली में दिल्ली सरकार के एक पृथक केंद्र में भर्ती कराया गया है। इस यूनिट के 12 कर्मी शुक्रवार को संक्रमित पाए गए थे और 55 वर्षीय एक उपनिरीक्षक की इस हफ्ते की शुरुआत में मौत हो गई थी। किसी एक ही बटालियन में इतनी अधिक संख्या में कर्मियों के संक्रमित पाए जाने से अद्र्धसैन्य बल में चिंता पैदा हो गई है। इस बटालियन में एक हजार से अधिक जवान हैं।

Comments


  • WhatsApp-icon
  • Wix Facebook page
  • Wix Twitter page
  • Wix Google+ page
Copyright Information
© copyrights reserved to "dainik desh ki dharti"
bottom of page