मुंबई से राजस्थान पैदल लोट रहे 4 श्रमिकों की दुर्घटना में मृत्यु ,3गंभीर
- pradeep jain

- Mar 28, 2020
- 1 min read

मुंबई, 28 मार्च (हि.स.)। पालघर जिले के मुंबई अहमदाबाद हाईवे पर विरार स्थित खानीवड़े टोलनाका के पास शनिवार तडक़े तेज रफ्तार एक अज्ञात टेंपो ने पैदल चल रहे 7 लोगों को कुचल दिया। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग बुरी तरह से घायल हैं। घायलों में एक व्यक्ति कोमा में चला गया है। बाकी के दो अन्य लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। थाना विरारा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों में अग्रवाल सर्कल नालासोपारा का रमेश मांगीलाल भट्ट (55), जोगेश्वरी का निखिल प्रकाश पंड्या (32), नरेश चन्द्र कलासुवा (18) और कालूराम देवजी भमोरा (18) शामिल हैं। वसंत नगरी वसई का मयंक कुमार विद्याशंकर भट्ट (32), भांडुप का कल्पेश ईश्वरलाल जोशी और एक अन्य व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गए हैं।
दरसअल, लॉकडाउन के चलते बड़ी संख्या में लोग मुंबई अहमदाबाद हाईवे के रास्ते पैदल दूसरे-दूसरे राज्यों में स्थित अपने-अपने गांव-घरों को जा रहे हैं। शुक्रवार की शाम भी मुंबई और उपनगरों में रहने वाले बहुत सारे लोग गांव जाने के लिए निकले थे। शनिवार की तडक़े वसई से ये सात लोग भी राजस्थान के बांसवाड़ा के लिए पैदल ही निकले थे। हाईवे पर गुजरात से मुंबई आने वाले लेन से (रॉन्ग साइड) जा रहे थे। इस दौरान विरार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में खानीवड़े टोल नाका के करीब भारोल गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार टेंपो ने इन सातों को कुचल दिया। इस दुघर्टना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस टेंपो चालक को तलाश रही है।























































































Comments