top of page

रामलला चांदी के सिंहासन पर स्थाई भवन में विराजे


अयोध्या, 25 मार्च । चैत्र शुक्ल प्रतिपदा नव संवत्सर के अवसर पर बुधवार को ब्रह्म मुहूर्त में श्रीरामलला धार्मिक विधि विधान के साथ फाइबर के नए आसन पर अस्थाई रूप से विराजमान हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टियों के सामने वैदिक मंत्रोंच्चारण के साथ भगवान श्री रामलला को टेंट से निकालकर अस्थाई भवन में चांदी के सिंहासन पर विराजमान कराया।

बुधवार को ब्रह्म मुहूर्त के समय राम जन्मभूमि परिसर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुष्ठान में उपस्थित सभी प्रमुख लोगों के साथ श्री रामलला की भव्य आरती पूजन किया। राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामलला को 11 लाख रुपये का चेक सौंपा। अब रामलला अपने भाईयों के साथ राम जन्मभूमि परिसर में स्थित मानस भवन के सामने अस्थाई ढांचे में भव्य मंदिर निर्माण होने तक भक्तों, श्रद्धालुओं को यहीं पर दर्शन देंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम तिरपाल से नए आसन पर विराजे हैं। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, भारतीय नव संवत्सर, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के राज्याभिषेक का पावन पर्व भी है और हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हजारों वर्षों बाद इस अयोध्यापुरी में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम एक नये आसन पर विराजमान हुए हैं जिसके हम सब इसके साक्षी बने हैं। उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का जो सपना हमारे पूर्वजों, हमारे पूज्य संतों ने देखा था, उस सपने का प्रथम चरण आज चैत्र शुक्ल प्रतिपदा तिथि पर पूरा हुआ है। इसके साथ ही द्वितीय चरण में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण के शुभारंभ की तिथि आज से ही प्रारंभ हो रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह अयोध्यावासियों और प्रदेशवासियों का सौभाग्य है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की पावन जन्मभूमि इस अयोध्या और इस प्रदेश में है। देश और दुनिया का हर सनातन धर्मावलंबी मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की इस पावन पुरी पर श्रद्धा और गौरव की अनुभूति करता है। विश्व की मानवता पर जब कभी संकट में आया है तो उन चुनौतियों से जूझने के लिए मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम को धर्म का साक्षात स्वरूप मानकर लोगों ने प्रेरणा और प्रकाश प्राप्त किया है।

इस समारोह में कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते प्रमुख लोगों को ही आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष मणिराम दास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास शास्त्री, दिगंबर अखाड़े के महंत सुरेश दास, श्री राम जन्मभूमि परिसर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास, ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय, ट्रस्टी एवं रिसीवर अयोध्या राजा बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा, पदेन ट्रस्टी जिला अधिकारी अनुज कुमार झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अवध प्रांत प्रचारक कौशल, विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अमरीश सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

राम लला की विस्थापना के बाद ‌उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा भेजा गया छप्पन भोग रामलला को समर्पित किया गया। श्री राम लला के पूजन अर्चन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।

Comments


  • WhatsApp-icon
  • Wix Facebook page
  • Wix Twitter page
  • Wix Google+ page
Copyright Information
© copyrights reserved to "dainik desh ki dharti"
bottom of page